• Fri. Jul 17th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

उत्तराखंड: सीएम धामी ने लांच किया श्रमिक सेवा ऐप, श्रमिकों के खाते में गए 17 करोड़ रुपये

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से विकसित श्रमिक सेवा मोबाइल ऐप का लोकार्पण कर 8005 श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 17.25 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने बोर्ड को अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहुंच बनाने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि पिछले छह माह में 19,833 लाभार्थियों को कुल 47.14 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।

 

उन्होंने श्रमिकों और उनके आश्रितों को प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, मिस्त्री और कारपेंटर जैसे कार्यों में प्रशिक्षित करने पर जोर दिया।

 

साथ ही, योग और वेलनेस के बढ़ते क्षेत्र को देखते हुए श्रमिकों के बच्चों को निश्शुल्क प्रशिक्षण देने एवं विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

 

कार्यक्रम में श्रमायुक्त पीसी दुम्का ने बताया कि उत्तराखंड श्रम उपकर (सेस) संग्रह एवं प्रबंधन प्रणाली पोर्टल के माध्यम से अब तक 16 हजार अधिष्ठानों का पंजीकरण हो चुका है, जिससे 80 लाख रुपये शुल्क के रूप में प्राप्त हुए हैं। सेस के रूप में बोर्ड के पास कुल 324 करोड़ रुपये जमा हैं।

निर्माण सामग्री वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए आनलाइन सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जिसमें लाइव फोटो और जियो-ट्रैकिंग के माध्यम से वितरण सुनिश्चित होगा।

इस अवसर पर उपायुक्त विपिन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *