• Tue. Aug 11th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

मानसून को लेकर सीएम धामी का अलर्ट, 15 अक्तूबर तक प्रदेश की सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मानसून, चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और आपदा प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान पूरा आपदा प्रबंधन तंत्र अलर्ट मोड पर रहे और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखें और किसी भी परिस्थिति में संपर्क से बाहर न रहें। उन्होंने जिलाधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों, अवरुद्ध मार्गों और ड्रेनेज व्यवस्था का विस्तृत आकलन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि मानसून समाप्त होते ही मरम्मत और पुनर्निर्माण के काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू किए जा सकें।

15 अक्तूबर तक चलेगा विशेष गड्ढामुक्त सड़क अभियान

सीएम धामी ने कहा कि मानसून के बाद पूरे प्रदेश में विशेष गड्ढामुक्त सड़क अभियान चलाया जाएगा। सभी जिलाधिकारियों को अपने जिलों में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, समितियां गठित करने और अभियान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट लक्ष्य देते हुए कहा कि 15 अक्तूबर तक प्रदेश की सभी सड़कें गड्ढामुक्त हो जानी चाहिए।

जिन गांवों में नहीं लगे शिविर, वहां प्राथमिकता से पहुंचें अधिकारी

मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों और गांवों में अभी तक शिविर आयोजित नहीं हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कैंप लगाए जाएं।

उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाया जाए।

सत्यापन अभियान और 1905 हेल्पलाइन की होगी नियमित समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्यव्यापी सत्यापन अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं में अपात्र लाभार्थियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की नियमित समीक्षा करने और प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पीएमजीएसवाई की पुरानी सड़कों का होगा सर्वे

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत पांच वर्ष पूरे कर चुकी और जर्जर हो चुकी सड़कों का सर्वे कराने को कहा। इन सड़कों के डामरीकरण और सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

आवश्यकता के अनुसार ऐसी सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

कांवड़ यात्रा के बाद स्वच्छता पर विशेष फोकस

सीएम धामी ने कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करने को कहा।

अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर सख्त कार्रवाई के साथ ही प्रदेशभर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मानसून, यात्रा और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और जनता को तत्काल राहत एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *