उत्तराखंड सरकार बाबा नीम करौरी महाराज से जुड़े धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों को एक सर्किट के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित सर्किट में उत्तर प्रदेश स्थित बाबा से संबंधित स्थलों को भी शामिल किया जाएगा। पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने डालनवाला स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
यूपी के पर्यटन मंत्री को भेजा पत्र
कैबिनेट मंत्री महाराज ने बताया कि नीम करौरी बाबा सर्किट में उत्तर प्रदेश के स्थलों को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया गया है। साथ ही, यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को पत्र भी भेजा गया है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के धार्मिक स्थलों को जोड़कर सर्किट विकसित करने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लाभ मिलेगा।
कैंची धाम होगा मुख्य स्थल
महाराज ने कहा कि नैनीताल स्थित कैंची धाम प्रस्तावित सर्किट का मुख्य स्थल होगा। इसके अलावा काकड़ीघाट, नैनीताल का हनुमान मंदिर और ऋषिकेश का हनुमान मंदिर भी इसमें शामिल किए जाएंगे। बाबा नीम करौरी महाराज जिन-जिन स्थानों पर गए और साधना की, उन सभी स्थलों को सर्किट से जोड़ने की योजना है।
स्थलों की जानकारी जुटाने के निर्देश
पर्यटन मंत्री ने बताया कि बाबा से जुड़े धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों की जानकारी जुटाने के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। विभाग ऐसे अन्य स्थानों को चिह्नित करेगा, ताकि उन्हें भी प्रस्तावित सर्किट में शामिल किया जा सके।
