देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी छात्र-छात्राएं और शिक्षक 16 सितंबर को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर रवाना होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कीर्तिनगर स्थित स्वामी मन्मथन प्रेक्षागृह में भारत दर्शन कार्यक्रम के 10वें संस्करण के छात्रों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों से यात्रा की तैयारियों पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण छात्रों की जानकारी को कक्षा से बाहर ले जाकर उनका नजरिया व्यापक करते हैं। देश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक स्थलों के साथ प्रमुख संस्थानों को देखने-समझने से विद्यार्थियों को नई जानकारी मिलेगी। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत करने, गुरुजनों और माता-पिता का सम्मान करने और भ्रमण से मिले अनुभवों को साथियों से साझा करने की अपील की।
विकल्प रहित संकल्प से आगे बढ़ें
धामी ने कहा कि इतिहास रचने वाले लोगों ने साधारण से असाधारण बनने के लिए विकल्प रहित संकल्प के साथ लगातार प्रयास किया। संकल्प मजबूत हो और प्रयास सच्चे मन से किया जाए तो सफलता की राह में कोई ताकत बाधा नहीं बन सकती।
10 साल से चल रहा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस तरह का कार्यक्रम चलाना बड़ी उपलब्धि है। इस साल करीब 1000 विद्यार्थियों को भारत भ्रमण का अवसर मिल रहा है। भविष्य में यह संख्या 2000 तक बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि दूर-दराज के विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का अवसर मिलना गर्व की बात है। योजना की शुरुआत में कई कठिनाइयां आईं, लेकिन अब इसके सकारात्मक परिणाम सामने हैं। विद्यार्थियों में बेहतर प्रदर्शन की प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और कई बच्चे 96 प्रतिशत तक अंक हासिल कर रहे हैं।
यूसीसी और नकल विरोधी कानून का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्तराखंड को भी विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सतत विकास के मामले में उत्तराखंड पहाड़ी राज्यों में देश में पहले स्थान पर रहा है। प्रदेश में यूसीसी और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण कानून लागू किए गए हैं, जिनसे दूसरे राज्य भी सीख रहे हैं।
मेधावी छात्रों को सम्मानित किया
कार्यक्रम में कनकलता, आयुष, प्रियांशु और राघव केंतुरा को उत्कृष्ट लेखन के लिए सम्मानित किया गया। विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन मिस्टी रावत ने किया।
इस मौके पर डीएम नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, कुलपति प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खंडेवाल, प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर राकेश मोहन मैठाणी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
