• Sun. Oct 4th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

सहस्त्रधारा में बड़ा हादसा: 50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन घायल

Spread the love

राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा में शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सहस्त्रधारा क्षेत्र में कार के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कार सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई मिली। कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए, जबकि एक महिला को भी चोटें आईं।

खाई गहरी होने और दुर्गम परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ जवानों को चुनौती का सामना करना पड़ा। जवानों ने सावधानीपूर्वक खाई में उतरकर तीनों घायलों तक पहुंच बनाई और सुरक्षा उपायों के साथ उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

घायलों की पहचान मोहन सिंह रावत निवासी दो बच्ची रोड, देहरादून, उनकी पत्नी रिंकी रावत और अमर बहादुर थापा निवासी भाऊवाला के रूप में हुई है। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]