• Thu. Nov 12th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद

Spread the love

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह चार बजे से मंदिर में समाधि पूजा की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद सुबह छह बजे बाबा केदार के गर्भगृह के कपाट बंद किए गए, जबकि सुबह 8:30 बजे मंदिर के मुख्य कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया।

कपाट बंद होने के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बाबा केदार के जयकारों और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा। भारतीय सेना के 15 जवानों ने बैंड की मधुर धुनों से वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।

मुख्य कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। अब अगले छह महीने तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु शीतकाल के दौरान ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।

गौरतलब है कि इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। यात्रा के समापन तक 19 लाख 14 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से इस वर्ष की यात्रा विशेष रही।

हिमालय की ऊंची वादियों में स्थित केदारनाथ धाम में भले ही अगले छह महीनों तक नियमित दर्शन बंद रहेंगे, लेकिन ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में बाबा केदार की पूजा और दर्शन का सिलसिला जारी रहेगा। अब श्रद्धालुओं को वर्ष 2027 में केदारनाथ धाम के कपाट दोबारा खुलने का इंतजार रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]