• Tue. Nov 10th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

राज्य स्थापना दिवस पर गणेश जोशी ने शहीदों को किया नमन, आंदोलनकारियों का सम्मान।

Spread the love

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर पृथक राज्य के निर्माण के लिए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया। इसके बाद नगर पालिका परिषद के टाउन हॉल में आयोजित समारोह में उन्होंने शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों और आंदोलनकारियों को सम्मानित किया।

इस दौरान गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका भी अतुलनीय रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक उत्तराखंड राज्य के गठन का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। वाजपेयी ने राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का काम कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने 26 वर्षों के सफर में विकास के कई आयाम स्थापित किए हैं। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के चलते कृषि का रकबा भले ही कम हुआ हो, लेकिन कृषि उत्पादों का उत्पादन कई गुना बढ़ा है। यह किसानों की मेहनत और आधुनिक तकनीकों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने की दिशा में काम कर रही है।
गणेश जोशी ने मसूरी की छह प्रमुख सड़कों का नाम राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर रखने की दिशा में जल्द कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियां राज्य निर्माण में उनके योगदान और संघर्ष को याद रख सकेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, देवी गोदियाल, मोहन पेटवाल, एसडीएम राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]