• Mon. Jul 20th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

देहरादून में आफत की बारिश: उफान पर रिस्पना और बिंदाल नदियां, बलबीर रोड पर मकान ढहा

Spread the love

राजधानी देहरादून में शनिवार देर रात शुरू हुई बारिश रविवार को आफत बनकर बरसी। तड़के शुरू हुई तेज वर्षा दिनभर मूसलाधार बारिश में बदल गई, जिससे शहर का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

रिस्पना, बिंदाल और टोंस समेत सभी प्रमुख नदी-नाले उफान पर आ गए, जबकि अधिकांश प्रमुख सड़कें और चौराहे जलमग्न हो गए।

कई स्थानों पर घरों में पानी घुसने, भू-धंसाव और मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आईं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी देहरादून में अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है और प्रशासन भी चौकन्ना हो गया है।

सबसे अधिक प्रभावित बलबीर रोड क्षेत्र रहा, जहां रिस्पना नदी के उफान के कारण कई घरों में पानी भर गया। लोगों के घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा, जबकि एक कच्चा मकान भी ढह गया।

खुड़बुड़ा और गोविंदगढ़ क्षेत्र में बिंदाल नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे मकानों पर खतरा मंडराने लगा। खुड़बुड़ा में कई घरों में पानी घुस गया और नदी किनारे बना पुश्ता ढहने से एक मकान का शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया।

शहर के प्रिंस चौक, गांधी रोड, डीएल रोड, आर्यनगर, पलटन बाजार, रिस्पना क्षेत्र समेत कई इलाकों में जलभराव से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। नालियां चोक होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बहता रहा। कई स्थानों पर पेयजल लाइनें ओवरफ्लो हुईं और सड़कें धंसने की घटनाएं भी सामने आईं।

आइटी पार्क क्षेत्र में एक बार फिर हर साल की तरह बाढ़ जैसे हालात बन गए। रपटे पर पानी का तेज बहाव होने से सहस्रधारा रोड नदी में तब्दील हो गई। पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। उधर, चंदर रोड पुल के पास भू-धंसाव होने से हाईटेंशन बिजली लाइन का पोल खतरे की जद में आ गया।

नदी का कटाव बढ़ने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय नागरिकों ने पुल की सुरक्षा और मरम्मत की मांग को लेकर सांकेतिक जाम भी लगाया।

मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी

भारी बारिश के बाद वार्ड-23 खुड़बुड़ा मोहल्ले में हुए नुकसान की सूचना मिलते ही राजपुर रोड विधायक एवं मंत्री खजान दास के निर्देश पर स्थानीय पार्षद विमल गौड़, भाजपा पदाधिकारी अंकुर जैन और पंकज भाटिया मौके पर पहुंचे।

देहराखास के राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने भी प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया।

वहीं, बलबीर रोड क्षेत्र में पूर्व विधायक राजकुमार और क्षेत्रीय पार्षद निखिल कुमार ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर नगर निगम की आपदा प्रबंधन टीम को बुलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *