• Mon. Jul 27th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

खेल विश्वविद्यालय की तैयारी पूरी, 123 पदों का प्रस्ताव; चार कोर्स से होगी शुरुआत

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के पहले राज्य खेल विश्वविद्यालय के संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय के लिए 123 पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे मंजूरी के लिए जल्द कैबिनेट में रखा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही विभिन्न शैक्षणिक, प्रशासनिक और तकनीकी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।

सरकार की योजना विश्वविद्यालय को केवल डिग्री देने वाला संस्थान नहीं, बल्कि खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और प्रतिभा विकास का प्रमुख केंद्र बनाने की है। प्रस्तावित पदों में शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, कोच, असिस्टेंट कोच और अन्य तकनीकी कर्मी शामिल हैं।

हल्द्वानी के गौलापार में स्थापित होने वाले खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। स्थायी भवन बनने तक उपलब्ध आधारभूत ढांचे से ही शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारी है।

प्रारंभिक चरण में विश्वविद्यालय में स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, स्पोर्ट्स साइंस और बीएससी स्पोर्ट्स जैसे चार प्रमुख पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनका उद्देश्य खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रबंधन, खेल विज्ञान और खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में भी विशेषज्ञ तैयार करना है।

खेल निदेशक दीप्ति सिंह ने बताया कि प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर तेजी से काम चल रहा है। अब 123 पदों के ढांचे को कैबिनेट से मंजूरी दिलाने की तैयारी की जा रही है। मंजूरी के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू कर विश्वविद्यालय के संचालन को गति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *