• Tue. Aug 4th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

सीएम धामी ने कांवड़ियों का किया सम्मान, हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा और चरण पखारे

Spread the love

हरिद्वार। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को हरिद्वार में शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर की पैड़ी पहुंचकर कांवड़ियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया। पूरे शहर में शिवभक्ति का माहौल देखने को मिला और प्रशासन ने आगामी दिनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं।
उधर, कांवड़ मेले के सबसे बड़े पड़ावों में शामिल कनखल स्थित बैरागी कैंप अब डाक कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। पंचक समाप्त होने के साथ ही अगले पांच दिनों में बड़ी संख्या में डाक कांवड़ियों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने कैंप में अस्थायी शिविर, दुकानें, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। लक्सर-जगजीतपुर की ओर से आने वाले डाक कांवड़ वाहनों को बैरागी कैंप में पार्क कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु शंकराचार्य चौक और सिंहद्वार मार्ग से आगे बढ़ेंगे। पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग और निकासी मार्गों की व्यवस्था भी अंतिम चरण में है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि डाक कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा और यातायात की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आने वाले दिनों में बैरागी कैंप श्रद्धालुओं, वाहनों और अस्थायी बाजारों की चहल-पहल से पूरी तरह गुलजार रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *