• Sun. Aug 9th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

देर रात क्रिकेटर ऋषभ पंत ने सीएम धामी से लगाई गुहार, बोले ‘मुझे रहने के लिए जगह नहीं मिल रही’

Spread the love

 

देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में अपना घर बनाने के लिए जमीन खरीदने में आ रही दिक्कत को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। पंत ने देर रात इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री को टैग किया और जमीन खरीदने की प्रक्रिया में सहयोग का अनुरोध किया।

पंत ने पोस्ट में कहा कि वह अपना बेस दिल्ली से उत्तराखंड स्थानांतरित करना चाहते हैं और पिछले करीब तीन साल से प्रदेश में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, उन्हें रहने के लिए उपयुक्त और पर्याप्त जमीन नहीं मिल पा रही है।

कहा- मुफ्त जमीन या तोहफा नहीं चाहिए

ऋषभ पंत ने कहा कि उन्हें उत्तराखंड से बेहद प्यार है और वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं। साथ ही राज्य के विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह सरकार से मुफ्त जमीन या किसी तरह का तोहफा नहीं मांग रहे हैं। यदि अनुमति मिले तो वह सरकार से निर्धारित सरकारी दरों पर जमीन खरीदना चाहते हैं, ताकि उत्तराखंड में अपना पहला घर बना सकें।

उन्होंने मुख्यमंत्री से जमीन खरीदने की प्रक्रिया को लेकर मार्गदर्शन और सहयोग की अपील की। पंत ने कहा कि स्पष्टता न होने के कारण जमीन खरीदने की प्रक्रिया उनके लिए मुश्किल बन गई है।

सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

पंत की पोस्ट के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इंटरनेट मीडिया के माध्यम से जवाब दिया। उन्होंने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों ने देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का प्रेम और यहां लौटकर योगदान देने की भावना सराहनीय है। उन्होंने बताया कि पंत द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *