• Thu. Sep 3rd, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रशासन की सख्ती, 38 प्रतिष्ठानों में छापेमारी

Spread the love

सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर गुरुवार को टर्नर रोड स्थित वार्ड-78 में औचक जांच अभियान चलाया गया। टीम ने मुन्नी चौक और आईएसबीटी बस स्टैंड मार्केट में 38 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान छह प्रतिष्ठानों में करीब 19 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बरामद हुआ। प्रशासन की टीम ने संबंधित दुकानदारों से 9500 रुपये का जुर्माना वसूला और प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री को मौके पर ही जब्त कर लिया।
प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर कार्रवाई
जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी और नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर राजीव कुमार सैनी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को भविष्य में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
एक्सपायर लाइसेंस के साथ कारोबार करता मिला मांस विक्रेता
जांच के दौरान एक मांस विक्रेता एक्सपायर लाइसेंस के साथ कारोबार करता पाया गया। टीम ने उसे नगर निगम से तत्काल वैध लाइसेंस प्राप्त करने के निर्देश दिए।
दुकानदारों और लोगों को किया जागरूक
अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने चालानी कार्रवाई के साथ व्यापारियों और आम लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। टीम ने बताया कि प्लास्टिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के साथ नालियों की सफाई और जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर समस्या पैदा करता है।
लोगों से प्लास्टिक की जगह कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई। निरीक्षण टीम में नगर निगम वार्ड-78 के सुपरवाइजर अशोक कुमार भी शामिल रहे।
50 सेक्टर अधिकारी कर रहे निगरानी
जिलाधिकारी के निर्देश पर देहरादून नगर निगम के विभिन्न वार्डों में 50 सेक्टर अधिकारियों को निगरानी और जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी लगातार दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रहे हैं।
प्रशासन ने कहा है कि देहरादून शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के लक्ष्य तक वार्डवार अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *