• Thu. Sep 10th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में 2027 का महामंथन, मंत्रियों-विधायकों के प्रदर्शन पर भी नजर

Spread the love

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बुधवार को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन हुआ। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही विधानसभा क्षेत्रों की जमीनी स्थिति, विधायकों की सक्रियता और सरकार की योजनाओं के असर पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत समेत सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहे।
दोपहर करीब तीन बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे। पार्टी नेताओं ने बाबा नीम करौली महाराज की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ नेताओं ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद शाम पांच बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम सात बजे कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित रही, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने का कार्यक्रम था।
दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित, कांग्रेस पर भी निशाना
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ का संकल्प प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उनका आभार जताया गया।
दूसरे प्रस्ताव में वंदेमातरम और हल्द्वानी के कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस के रुख की आलोचना की गई। बैठक में तय किया गया कि भाजपा विकास, विरासत और संरक्षण के मुद्दों को लेकर 2027 के चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी नेताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जनता के बीच राजनीतिक अभियान तेज करने पर भी जोर दिया।
बूथ से लेकर विधायक तक की रिपोर्ट पर नजर
2027 में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही भाजपा के लिए प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। पार्टी स्तर पर विधानसभा क्षेत्रों का जमीनी फीडबैक जुटाया जा रहा है। इसमें विधायकों की सक्रियता, जनता और कार्यकर्ताओं से संवाद, बूथ समितियों की स्थिति, मंडल स्तर पर संगठन की मजबूती और सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच जैसे बिंदुओं को शामिल किया जा रहा है।
जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मोर्चा अध्यक्षों और अन्य संगठनात्मक पदाधिकारियों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति का आकलन किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक आगामी चुनाव में टिकट के दावेदारों के लिए भी यह रिपोर्ट महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, टिकट में बदलाव को लेकर पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
‘बूथ जीतेंगे तो चुनाव जीतेंगे’
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करेगी और 2027 में सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा, “बूथ जीतेंगे तो चुनाव जीतेंगे।” तीरथ सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड बनाया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी उसे संवारने का काम कर रहे हैं।
‘तीसरी बार सरकार बनाएगी भाजपा’
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा को इतिहास रचना है और लगातार तीसरी बार पूरी मजबूती के साथ सरकार बनानी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने ऐसा कोई काम नहीं किया, जिससे जनता नाराज हो। उन्होंने दिल्ली-देहरादून के बीच यात्रा समय कम होने समेत प्रदेश में हुए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा किया।
बूथ स्तर तक तैयार है रणनीति : महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में दूसरी बार काम करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति में 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दो महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए हैं। पार्टी की बूथ स्तर तक रणनीति तैयार है।
महेंद्र भट्ट ने निकाय चुनाव में 11 नगर निगमों और सहकारिता के छह जिलों में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि 2027 में पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से कार्यकर्ताओं में उत्साह
नैनीताल भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी पहुंचने से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष को देखने और सुनने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश है। उनके दौरे से पूरे प्रदेश में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *