• Thu. Oct 1st, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

20 दिन पहले घर आया नौकर बना लुटेरा! पार्षद के परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर किया बेहोश, चार साथियों संग गहने लेकर फरार

Spread the love

बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर बड़ी वारदात सामने आई है। करीब 20-25 दिन पहले घरेलू काम के लिए रखा गया नेपाल मूल का नौकर कथित तौर पर परिवार के सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने के बाद अपने चार साथियों के साथ घर से सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया। घटना मंगलवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।

वारदात के दौरान घर में पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटा शुभम सिंह मौजूद थे। खाना खाने के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोशी की हालत में पहुंच गए। पार्षद अमिता सिंह को उपचार के लिए सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति और बेटे की हालत ठीक बताई जा रही है।

ऑनलाइन माध्यम से रखा था नौकर

पुलिस के मुताबिक, अमिता सिंह की बेटी मेघा दिल्ली में रहती हैं। उन्होंने करीब 20-25 दिन पहले ऑनलाइन माध्यम से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए रखा था। इसके बाद वह पार्षद के घर पर रहकर काम कर रहा था।

आरोप है कि मंगलवार रात नौकर ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोश हो गए। इसके बाद उसने अपने चार साथियों को घर में बुलाया। आरोप है कि पांचों ने करीब एक घंटे तक घर में सामान खंगाला और सोने के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुए आरोपित

परिवार के सदस्यों को होश आने के बाद घटना का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपितों के घर से निकलने की फुटेज भी सामने आई है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही घरेलू सहायक के संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।

नौकर के सत्यापन की भी जांच

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ऑनलाइन माध्यम से घरेलू सहायक को काम पर रखने के दौरान उसके पहचान और पते से जुड़े दस्तावेजों का कितना सत्यापन किया गया था। उसके बताए पते और पहचान की जानकारी की जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात पहले से सुनियोजित थी या नहीं। आरोपितों के पास चोरी किए गए आभूषण और अन्य सामान कहां हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]