• Tue. Nov 17th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाएंगे आरोग्य रथ।

Spread the love

पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आसान बनाने के लिए सरकार ने एक और पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दुर्गम क्षेत्रों के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ रवाना किए। इन वाहनों के माध्यम से दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श मिल सकेगा।

यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन की ओर से संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों तक पहुंचाना जरूरी है। सरकार पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि दोनों मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और जरूरी दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके जरिये प्राथमिक उपचार के साथ बीमारियों की शुरुआती पहचान, स्वास्थ्य परामर्श और रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों को छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल सरकारी प्रयासों से ही नहीं, बल्कि सामाजिक संस्थाओं और कॉर्पोरेट क्षेत्र की भागीदारी से भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य संस्थाएं भी स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में आगे आएंगी।

इस अवसर पर राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की वरिष्ठ निदेशक (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा और निदेशक आदेश गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]