• Mon. Nov 23rd, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

समाज में बदलाव की शुरुआत खुद से करें शिक्षक : गणेश जोशी।

Spread the love

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के चरित्र निर्माण की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर है। ऐसे में शिक्षकों को नैतिक मूल्यों, आदर्शों और अनुशासन का पालन अपने व्यवहार में भी करना चाहिए। जब शिक्षक स्वयं आदर्श प्रस्तुत करेंगे, तभी विद्यार्थी उनसे प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकेंगे।

मंत्री सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज, धनौरी के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महाविद्यालय की स्थापना और क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार में स्वर्गीय शिक्षाविद् डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी उच्च शिक्षा के पर्याप्त अवसर नहीं थे, वहां डॉ. सैनी ने शिक्षा की मजबूत नींव रखी। उनके प्रयासों से रोपा गया शिक्षा का पौधा आज वटवृक्ष बन चुका है। उनके दूरदर्शी सोच और समर्पण से क्षेत्र में कई शिक्षण संस्थान स्थापित हुए हैं, जिनसे युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने कहा कि हरिओम सरस्वती महाविद्यालय सहित क्षेत्र की अन्य शिक्षण संस्थाएं भी डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के सपनों को आगे बढ़ाने में जुटी हैं। प्राचार्य डॉ. मुनेन्द्र सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि छह जुलाई 2019 को उनका निधन संस्थान और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति थी। उनके स्थापित शैक्षणिक संस्थान आज भी उनके विचारों और शिक्षा के प्रति समर्पण को आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुणिमा पांडे ने स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की। संयोजक डॉ. अंजली देवी ने अतिथियों का आभार जताया। इससे पहले प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हर्ष सैनी और सचिव डॉ. आदित्य सैनी ने कैबिनेट मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। समारोह में डॉ. अंजली गौड़, डॉ. निशा रानी, डॉ. छवि, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. प्रदीप सैनी, डॉ. संजय कुमार, डॉ. अंकेश चौहान, डॉ. जयदेव कुमार, डॉ. सुरभि सागर, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) डॉ. सरिता पंवार, डॉ. अंजु सहित महाविद्यालय के शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]