• Wed. Oct 21st, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

लाइसेंस मिलते ही पर्यटकों को पैराग्लाइडिंग कराएंगे उत्तराखंड के युवा

Spread the love

उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। इसके तहत उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) युवाओं को पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण दे रही है। अब तक 141 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। निर्धारित उड़ान अभ्यास और अन्य मानक पूरे करने के बाद युवा व्यावसायिक टेंडम पायलट लाइसेंस हासिल कर सकेंगे। इसके बाद वे चयनित स्थलों पर पर्यटकों को पैराग्लाइडिंग करा सकेंगे।

यूटीडीबी की ओर से पौड़ी जिले के बिलखेत में इन दिनों उड़ान अभ्यास कराया जा रहा है। इसमें 17 युवा हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में उड़ान भरने और पैराग्लाइडिंग संचालन का व्यावहारिक अनुभव दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ उन्हें व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तैयार करना है।

पैराग्लाइडिंग में व्यावसायिक उड़ान के लिए युवाओं को 100 घंटे का उड़ान अनुभव पूरा करना होगा। इसके साथ ही 35 किलोमीटर की क्रॉस कंट्री उड़ान भी पूरी करनी होगी। निर्धारित मानकों पर खरा उतरने वाले युवाओं को आगे लाइसेंस प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

चंपावत में भी लगेगा प्रशिक्षण शिविर

यूटीडीबी अगले महीने चंपावत में भी उड़ान अभ्यास शिविर आयोजित करने की तैयारी कर रही है। प्रशिक्षण और उड़ान संबंधी सभी निर्धारित अर्हताएं पूरी करने वाले युवाओं को व्यावसायिक टेंडम पायलट लाइसेंस दिया जाएगा। इसके बाद वे तकनीकी समिति की ओर से चयनित स्थलों पर पर्यटकों को पैराग्लाइडिंग करा सकेंगे।

पर्यटन सचिव एवं यूटीडीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज गर्ब्याल के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में पैराग्लाइडिंग की काफी संभावनाएं हैं। इस पहल से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। वहींसाहसिक पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से होटल, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]