• Fri. Nov 13th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

नंदा गौरा योजना के लिए 30 नवंबर तक करें आवेदन, जल्द शुरू होगी बाल समृद्धि योजना।

Spread the love

नंदा गौरा योजना का लाभ लेने से वंचित पात्र बालिकाओं को एक और मौका मिलेगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना के लिए पात्र बालिकाओं की विज्ञप्ति जल्द जारी की जाए। उन्होंने लाभार्थियों से 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। इसके साथ ही प्रदेश में जल्द मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना शुरू करने की तैयारी है।

विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभिन्न महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना की भी समीक्षा की गई। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लाभार्थियों, उनके स्वरोजगार कार्यों और लंबित आवेदनों की स्थिति पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों का निस्तारण जल्द किया जाएगा। दिसंबर के पहले सप्ताह तक लाभार्थियों को योजना की पहली किश्त जारी कर दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पात्र महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना का विभागीय प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। फिलहाल यह वित्त विभाग के स्तर पर लंबित है। जल्द ही इसे मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। योजना लागू होने से प्रदेश के बच्चों के कल्याण और उनके बेहतर भविष्य के लिए नई पहल शुरू होगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र लाभार्थी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]