• Fri. Nov 27th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

चुनाव ड्यूटी के लिए 22 हजार कार्मिक होंगे तैनात, सात दिसंबर तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश।

Spread the love

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं सात दिसंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल की मौजूदगी में निर्वाचन कार्य से जुड़े नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने टेंट, बैरिकेडिंग, लेखन सामग्री, भोजन, वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी समेत अन्य व्यवस्थाओं की टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी करने को कहा।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में चुनाव ड्यूटी के लिए करीब 22 हजार कार्मिकों की जरूरत होगी। अब तक 14,800 कर्मचारियों का डाटा उपलब्ध हो चुका है। जिन विभागों ने अभी तक कर्मचारियों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है, उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव ड्यूटी से छूट के लिए आवेदन करने वाले कर्मचारियों की मेडिकल जांच के लिए समिति गठित की जाएगी।

देहरादून जिले की 10 विधानसभा सीटों में कुल 2045 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 765 बूथ ग्रामीण और 1279 शहरी क्षेत्रों में हैं। सभी मतदेय स्थलों पर बिजली, पानी, फर्नीचर, रैंप, शेड और नेटवर्क जैसी जरूरी सुविधाओं का सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए 50 जोनल और 230 सेक्टर अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।

चुनाव के दौरान नकदी, शराब और मादक पदार्थों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकपोस्ट बनाए जाएंगे। निगरानी के लिए एफएसटी, वीएसटी और वीवीटी समेत अन्य टीमों का गठन कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जिले में जिन बूथों पर पिछले चुनाव में 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ है, वहां मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ऐसे बूथों को भी चिह्नित किया जाएगा, जहां पुरुषों अथवा महिलाओं का मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा है।

पोलिंग पार्टियों की आवाजाही, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर सात दिन के भीतर माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव कार्मिकों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी समेत निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]