• Fri. Oct 16th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

निश्चित ही चौबट्टाखाल से शत प्रतिशत वोटिंग अनिल बलूनी जी और प्रधानमंत्री मोदी जी के पक्ष में होगी : मुख्यमंत्री

Spread the love

पौड़ी: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को डिग्री कॉलेज मैदान चौबट्टाखाल, पौड़ी में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्री अनिल बलूनी के पक्ष में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जितनी भी सभाएं हो रही हैं उनमें महिलाएं बढ़ चढ़कर के प्रतिभाग कर रही हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी ने रूद्रपुर की रैली से सभी को राम राम और प्रणाम भेजा है। आज हर कोई कह रहा है मोदी जी की सरकार बनने वाली हैं। पूरा देश मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने वाला है। पूरे राज्य में महिलाओं के उत्सव हुए हैं। गढ़वाल की जनता अपने आशीर्वाद से अनिल बलूनी जी को गढ़वाल लोकसभा से सदन में भेजने वाले हैं। उन्होंने कहा निश्चित ही चौबट्टाखाल से शत प्रतिशत वोटिंग अनिल बलूनी जी और प्रधानमंत्री मोदी के पक्ष में होने वाली है। अनिल जी ही निश्चित ही आने वाले समय में चौबट्टाखाल क्षेत्र की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। जनता को 19 तारीख का इंतजार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में अनेकों कार्य हुए हैं। कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। बड़े निर्णय लिए गए है। सेना का मनोबल बढ़ाया है। वन रैंक वन पेंशन लागू कर सैनिकों का मनोबल बढ़ाया है। सेना को पहले से और अधिक सशक्त और शक्तिशाली बनाया है। उन्होंने कहा आज भारत की सेना गोली का जवाब गोलों से देने का काम करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद भारत पूर्ण रूप से बदल चुका है।प्रधानमंत्री जी ने हर पल हर क्षण देशवासियों को समर्पित किया है। पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। विश्व पटल पर भारत का मान सम्मान स्वाभिमान बढ़ा है। जब विदेश की धरती में प्रधानमंत्री जी का सम्मान होता है तो वह सम्मान प्रत्येक भारतवासी का सम्मान होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि कश्मीर से धारा 370 हटाने से राजस्थान का क्या लेना देना ! कल यही राष्ट्रीय अध्यक्ष कहेंगे उत्तराखंड का क्या लेना देना है ! मुख्यमंत्री ने कहा कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। कश्मीर हमारा है। कश्मीर को बचाने के लिए उत्तराखंड से , पौड़ी से , चौबट्टाखाल से कई वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस के नेता उत्तराखंड की शान शहीद सीडीएस जनरल बिपिन रावत को गाली देते हैं। कांग्रेस के लोग हमारे सनातन धर्म का विरोध करते हैं। धर्म संस्कृति सभ्यता को बदनाम कर इसके साथ खिलवाड़ करने का काम करते हैं। मोदी जी के विरोध में सभी विपक्षियों ने ठगबंधन बनाया है। ठगबंधन के लोग कहते हैं परिवारवाद को बढ़ाना है। कांग्रेस बार बार अपने राजकुमार को लॉच करने की तैयारी करती है पर हर बार असफलता हाथ लग रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सोच है कि देश का बंटवारा हो जाए। पर प्रधानमंत्री जी कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी अटक से लेकर कटक तक, पूरे देश को जोडने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश हित में कई कड़े निर्णय लिए गए हैं। देश में सीएए लागू किया गया है। कश्मीर से धारा 370 का खात्मा हुआ है, तीन तलाक का खात्मा हुआ है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का सपना पुरा हुआ है। सभी देशवासियों को राम मंदिर देखने का सौभाग्य प्रधानमंत्री जी के वजह से मिला है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उनके तीसरे कार्यकाल में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य है, तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था का मतलब चौतरफा विकास , स्वास्थ्य रेल सड़क की सुविधाएं और बेहतर होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने हमारे राज्य के विकास हेतु कई योजनाओं की स्वीकृति दी है। हमारी हर मांग पूरी की है। केदारनाथ का पुनर्निमाण हुआ है। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य जारी है। राज्य सरकार ने अपने वादे अनुसार राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया है। इसका सीधा श्रेय उत्तराखंड की जनता को जाता है। राज्य सरकार द्वार गरीबों हेतु राज्य में तीन सिलेंडर रिफिल करवाएं जा रहे हैं। नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। मेहनत करने वाले युवाओं को उनका असली हक मिल रहा है। पूर्व में जारी कैलेंडर के हिसाब से ही सरकारी परीक्षा आयोजित करवाई जा रही है। 22 सालों के बराबर नियुक्तियां बीते 2 सालो में हुई है। सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा इसके साथ ही राज्य में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। साथ ही महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। राज्य की महिलाएं अपने साथ अन्य लोगों को भी रोजगार देने का कार्य कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चौबट्टाखाल के लिए 129 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व लोर्कापण किया गया था। जिसमें राजकीय महाविद्यालय चौबट्टाखाल , चौबट्टाखाल में 24 शय्याओं का पर्यटक आवास गृह का निर्माण, सतपुली के कार्यालय भवन का निर्माण, विकासखण्ड बीरोंखाल में आवासीय भवन, फरसाड़ी-गएकोट-छाछरो मोटर मार्ग का निर्माण हुआ है। ऐसे कई कार्य हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 6-7 दशक तक देशवासियों से झूठ बोलने का काम किया। हर वर्ग के लिए घोषणाएं और वादे किए, परन्तु वो वादे सिर्फ चुनाव तक ही सीमित रहे। कांग्रेस के लोग चुनाव में लोगों को बरगलाने और झूठे सपने दिखाने आते हैं। हम प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सबके लिए समान कानून की बात करते हैं पर कांग्रेस के लोग मुस्लिम पर्सनल लॉ को जारी रखने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस ने घोषणापत्र में जिन 10 गारंटियों की बात की है, उन्हें कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल में लागू नहीं कर पाए हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस को लोगों ने बाहर का रास्ता दिखाया है। कांग्रेस ने घोषणा पत्र को ’’न्याय पत्र’’ का नाम दिया परंतु कभी इन्होंने देश, उत्तराखंड, गढ़वाल के लोगों के साथ न्याय नहीं किया है। कांग्रेस के लोग चुनाव के समय तो भेष बदलकर आते हैं, लेकिन उसके बाद ये अपना असली रंग दिखाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय मोदी जी ने 4 जून को 400 पार का नारा दिया है, सभी ने इस नारे को सार्थक करते हुए गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कर आदरणीय मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान सुनिश्चित करना है।

इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी, केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, केबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, जिला अध्यक्ष भाजपा सुषमा रावत, राष्ट्रीय महामंत्री महिला मोर्चा दीप्ति रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]