• Sun. Nov 29th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

उफरैंखाल को मिली 8.73 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

Spread the love

श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ गांव उफरैंखाल में शिक्षा और खेल सुविधाओं को विस्तार देने की दिशा में कई विकास कार्यों की शुरुआत हुई। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को राजकीय महाविद्यालय में 3.92 करोड़ रुपये की लागत से बने महिला छात्रावास और राजकीय इंटर कॉलेज में 3.03 करोड़ रुपये से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही महाविद्यालय में 1.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान और सुरक्षा दीवार का भूमि पूजन किया।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि महिला छात्रावास बनने से दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलेगी। वहीं, इंटर कॉलेज के नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। खेल मैदान बनने से महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी बेहतर अवसर मिल सकें। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद और मां सरस्वती की मूर्तियों का अनावरण भी किया गया। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाते हुए शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
भूमिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कैबिनेट मंत्री 24वें भूमिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भी शामिल हुए। ग्राम विकास समिति भैड़गांव मल्ला (दिल्ली) और महिला मंगल दल भैड़गांव मल्ला की ओर से आयोजित भूमिया कप-2026 में उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर देते हैं।
इस दौरान ग्राम सभा डुलमोट के साथ ही भतपौं, कफलगांव और भैड़गांव की महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई। मंत्री ने महिला मंगल दलों की सदस्यों से संवाद कर लोकसंस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पारंपरिक लोकसंस्कृति और रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महिला मंगल दलों की अहम भूमिका है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष थलीसैंण, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]