• Sun. Nov 29th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

बेटियों को समान अवसर और सुरक्षित माहौल देना सबकी जिम्मेदारी : रेखा आर्या

Spread the love

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को हरिद्वार में ‘नव्या 2.0’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान रेखा आर्या ने बच्चों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। जरूरत उन्हें आगे बढ़ने के लिए समान अवसर, सुरक्षित वातावरण और उचित प्रोत्साहन देने की है। बेटियों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
रेखा आर्या ने बच्चों से कहा कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत व लगन से प्रयास करें। जीवन में आने वाली कठिनाइयों से घबराने के बजाय हौसले के साथ उनका सामना करें। उन्होंने कहा कि बच्चों का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए उनकी शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण और महिलाओं के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक महिला और बेटी को सुरक्षित माहौल के साथ आत्मनिर्भरता और सम्मान के अवसर उपलब्ध कराना है। ‘नव्या 2.0’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, केंद्र सरकार के कौशल विकास सचिव देवाश्री मुखर्जी, महिला एवं बाल विकास सचिव अनिल मलिक, सचिव चंद्रेश कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बच्चे मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]