• Wed. Jun 10th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

जितिन प्रसाद की जॉइनिंग के साथ भाजपा का यूपी में मिशन 2022 शुरू

Spread the love

ई दिल्ली। अगले साल होने जा रहे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने कांग्रेस में बड़ी सेंधमारी करते हुए ब्राह्मण चेहरे और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे जितिन प्रसाद को तोड़ लिया। जितिन प्रसाद की जॉइनिंग कर भाजपा ने मिशन 2022 का आगाज कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश से कांग्रेस की ही एक महिला नेता भी भाजपा का दामन थाम सकतीं हैं। दूसरे दलों के प्रमुख नेताओं की भर्तियों के जरिए भाजपा चुनावी हवा अपने पक्ष में होने का संदेश देने के मूड में है। भाजपा दूसरे दलों के नेताओं को तोड़कर मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करना चाहती है।
मनमोहन सिंह सरकार के दोनों कार्यकाल में केंद्रीय राज्य मंत्री रहे जितिन प्रसाद पिछले काफी समय से कांग्रेस में नाराज चल रहे थे। सूत्रों का कहना है कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले ही वह भाजपा में शामिल होने के मूड में थे। हालांकि, तब प्रियंका गांधी उन्हें मनाने में सफल रहीं थीं। बावजूद इसके पार्टी के फैसलों में उचित तवज्जो न मिलने के कारण उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने का फैसला किया। भाजपा मुख्यालय पर बुधवार को जितिन प्रसाद को पार्टी में शामिल कराते समय केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होने के संकेत दिए।
माना जा रहा है कि जितिन प्रसाद के जरिए भाजपा ब्राह्मणों को साधने की कोशिश करेगी। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में ब्राह्मणों के कथित उत्पीड़न को समाजवादी पार्टी समेत विपक्ष की ओर से मुद्दा बनाया जाता है। ऐसे में पार्टी जितिन प्रसाद के जरिए ब्राह्मणों को एक संदेश देने की कोशिश है। कांग्रेस में रहते समय जितिन प्रसाद ब्राह्मणों को एकजुट करने का संगठन भी चलाते रहे हैं। उत्तर प्रदेश में करीब दस प्रतिशत ब्राह्मण वोट पार्टियों की जीत-हार में निर्णायक भूमिका अदा करते हैं। भाजपा के एक नेता ने आईएएनएस से कहा, जितिन प्रसाद राजनीति के एक स्थापित चेहरे हैं। उनमें ऊर्जा है। यूपीए सरकार में बतौर मंत्री कई मंत्रालयों में कार्य करने का अनुभव है। इस प्रकार राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभवी जितिन के आने से भाजपा को फायदा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *