• Thu. Jun 18th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

शहीदों के आश्रितों का हुआ सम्मान

Spread the love

रूद्रप्रयाग। अटल आदर्श राजकीय इंटर काॅलेज रुद्रप्रयाग में कारगिल विजय शौर्य दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ ही पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कारगिल शौर्य दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने कहा कि आज का दिन कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के लिए समर्पित दिन है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के अदम्य पराक्रम के कारण हमें गौरवान्वित होने का अवसर मिला है।
अति विशिष्ट अतिथि रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने वर्ष 1999 में भारत-पाक कारगिल युद्ध व भारतीय सैन्य की ऐतिहासिक वीरगाथा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में कुल 527 सैनिकों ने अपनी शहादत दी थी जिनमें से अकेले 75 सैनिक उत्तराखंड राज्य तथा 3 सैनिक जनपद रुद्रप्रयाग से हैं।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल यूएस रावत ने कारगिल युद्ध के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि इस युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन सैनिकों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन विजय में 527 जांबाज सैनिकों को खो दिया। इस युद्ध में अपने विशेष पराक्रम के लिए देश के 37 वीर शहीद सैनिकों को राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। हर वर्ष आज के दिन को शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा जनपद के वीर शहीद सैनिकों नायक सुनील दत्त कांडपाल, रायफल मैन शहीद भगवान सिंह व नायक शहीद गोविंद सिंह के आश्रितों को शाॅल ओढकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन किशन सिंह रावत ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डाॅ. सौरभ गहरवार, उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विमल सिंह गुसांई, प्रधानाचार्य आर एस भदौरिया, अध्यक्ष अभिभावक संघ राजेंद्र नौटियाल, पूर्व अध्यक्ष भूतपूर्व सैनिक संगठन राय सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी, शहीद सैनिकों के आश्रित व बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक व स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *