• Mon. Jun 8th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

कोसी के जंगल में चारा लेकर लौटती अनीता की हाथी ने ली जान

Spread the love

रामनगर: रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में दुधारू पशुओं के लिए चारा लेने गई एक महिला को जंगली हाथी ने पटककर मौत के घाट उतार दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही वनाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

जानकारी के मुताबिक निकटवर्ती गांव टेड़ा निवासी जसपाल सिंह की पत्नी अनीता देवी (42 वर्ष) गांव की अन्य महिलाओं के साथ अपने दुधारू पशुओं के लिए चारा पत्ती लेने रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में गई हुई थी। बताया जा रहा है कि जंगल से वापसी के दौरान अनीता के साथ की महिलाएं थोड़ा आगे पहुंच गई थी। पीछे अनीता को अकेला देखकर एक हाथी ने उसे घेर लिया। अपने सामने हाथी को देखकर घबराई अनीता जान बचाने के लिए भागने लगी तो हाथी ने उसे सूंड में जकड़कर नीचे पटक दिया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जिसके बाद अनीता को चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की एसडीओ पूनम कैंथूरा तथा रेंजर शेखर तिवारी ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वनाधिकारियों का कहना है कि हादसे के बाद प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा गश्त बढ़ाई जा रही है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाए जाने की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *