• Wed. Jul 22nd, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

12वीं का प्यार : धत तेरे की, बंधवा दी राखी!

Spread the love

हरिद्वार : हरिद्वार जिले के लक्सर इलाके में प्रेमी के हाथ पर प्रेमिका से राखी तो बंधवा दी गई, लेकिन दोनों भाई-बहन बनने को तैयार नहीं हुए। पंचायत में राखी बांधने के बाद प्रेमिका प्रेमी के घर जा पहुंची और शादी की जिद पर अड़ गई। प्रेमी के परिजनों ने मामले में पुलिस से शिकायत की है। प्रेमी और प्रेमिका दोनों अलग-अलग बिरादरी से हैं। यह भी परिवारों के विरोध का कारण बन रहा है हालांकि, दोनों ही परिवार धनाढ्य नहीं है। ऐसे में रसूख को लेकर ज्यादा विरोध नहीं है, बल्कि बिरादरी को ही बड़ा कारण माना जा रहा है।

घटनाक्रम के मुताबिक मामला शनिवार 2 सितंबर का है। लक्सर क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में अलग-अलग गांव के कक्षा-12 के छात्र और छात्रा सहपाठी हैं। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चला आ रहा था। इसकी भनक दोनों के परिजनों को लग गई। परिजनों ने दोनों को आपस में बातचीत नहीं करने की हिदायत दी।

बताया जा रहा है कि शनिवार को छात्रा प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई और हंगामा हो गया। छात्रा के परिजनों ने परिचितों और छात्र के परिजनों को मामले की जानकारी दी। इस पर परिचित, छात्र और परिजन छात्रा के घर पहुंचे। यहां पर दोनों पक्षों के लोगों की पंचायत हुई। पंचायत में लोगों ने दोनों को घंटों तक समझाया। इसके बाद छात्रा से प्रेमी छात्र के हाथ पर राखी बंधवा दी गई। साथ ही दोनों को अलग-अलग रहने की हिदायत दी। इसके बाद छात्र परिजनों के साथ घर आ गया।
बताया जा रहा है कि देर शाम छात्रा प्रेमी के घर जा पहुंची और शादी की जिद पर अड़ गई। इससे हंगामा हो गया और मामला बढ़ गया।

इस बीच, परिजन दोनों को साथ लेकर कोतवाली पहुंचे और मामले की जानकारी दी। लक्सर कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने कहा कि दोनों पक्षों को समझाया गया है। समझौता नहीं होने पर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। दोनों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी ताकि यह पता चल सके कि बालिग हैं या नाबालिग।

यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में भी कैद कर लिया है। वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। शादी की जिद पर अड़ी छात्रा और अन्य लोग देर रात तक कोतवाली में डटे रहे। पुलिस और परिजन छात्रा और उसके प्रेमी को समझाने की कोशिश करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *