• Tue. Oct 13th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन होंगे उत्तराखंड के नए राज्यपाल, सीएम धामी ने दी बधाई

Spread the love

मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले बिसेन ने आयुर्वेद और होम्योपैथी चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के बाद राजनीति में कदम रखा। विधायक, कैबिनेट मंत्री और सांसद के रूप में जिम्मेदारियां निभा चुके बिसेन अब उत्तराखंड के राज्यपाल की भूमिका में नजर आएंगे।

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े रहने के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया। वर्ष 1990 में पहली बार विधायक चुने गए बिसेन ने इसके बाद 1993, 1998 और 2003 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे बिसेन ने वर्ष 2003 से 2005 तक राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई।

वर्ष 2011 से 2013 तक उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2019 में बालाघाट लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उनकी जगह दूसरे प्रत्याशी को मैदान में उतारा था। अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीएम धामी ने दी बधाई

डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिसेन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में योगदान प्रेरणादायी है। पूर्व कैबिनेट मंत्री, सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में उन्होंने जनहित और समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि डॉ. बिसेन के अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से प्रदेश की विकास यात्रा को गति प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    [responsivevoice_button voice=”Hindi Female”]