• Fri. Jul 17th, 2026

Northern Reporter

No.1 news portal of India

UP के योजना भवन प्रांगण में योगी ने किया बहुगुणा की प्रतिमा का अनावरण

Spread the love

रूपक कुमार/ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री #योगी आदित्यनाथ ने वीरवार 12 अगस्त को लखनऊ स्थित योजना भवन के प्रांगण में आजादी के अमृत महोत्सव एवं चौरी-चौरा शताब्दी महोत्सव आयोजन की श्रृंखला में प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा  के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित एक चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने स्मृति ग्रंथ ‘हेमवती नन्दन बहुगुणा’ का विमोचन किया। इस मौके पर स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा जी के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।


मुख्यमंत्री  ने कहा कि भारत माता के महान सपूत एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा जी का व्यक्तित्व हिमालय की तरह विराट और बहुआयामी था। देश के विकास एवं लोकतंत्र की मजबूती के लिए वह हमेशा खड़े रहे। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उन्होंने अपना पद भी त्याग दिया। देश की आजादी के लिए उन्होंने उल्लेखनीय योगदान किया। भारत छोड़ो आन्दोलन के दौरान प्रयागराज में उन्होंने युवाओं को नेतृत्व प्रदान किया। वर्तमान प्रदेश सरकार उनकी स्मृतियों को संजोने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा जी ने वर्तमान उत्तराखण्ड राज्य के पौड़ी गढ़वाल के एक छोटे से गांव से निकलकर विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए प्रयागराज आकर शिक्षा ग्रहण की। उन्होंने सदैव गरीबों, शोषितों तथा वंचितों के लिए कार्य किया। उत्तर प्रदेश के विकास के लिए वह समर्पित थे। प्रयागराज के नैनी के आस-पास औद्योगिक विकास के मूर्त रूप की परिकल्पना को उन्होंने साकार किया है।
योगी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में स्व0 बहुगुणा जी का योगदान अविस्मरणीय है। योजना भवन में विकास की योजनाओं के बारे में गम्भीर चर्चा होती है। प्रदेश के विकास में उनके प्रयासों को ध्यान में रखते हुए स्व0 बहुगुणा जी की प्रतिमा योजना भवन में स्थापित की गयी है।


पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 नीलकण्ठ तिवारी ने कहा प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों को विकसित कर उनका सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है। स्वतंत्रता आन्दोलन से जुड़े लोगों के विचारों को जनता तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में स्व0 बहुगुणा जी की प्रतिमा का आज अनावरण किया गया है।
उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिल भारतीय हेमवती नन्दन बहुगुणा स्मृति समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहुगुणा जी ने प्रतिमा के अनावरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
मौके पर सांसद श्रीमती रीता बहुगुणा, उप मुख्यमंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा, विधायी एवं न्याय बृजेश पाठक, नगर विकास मंत्री श्री आशुतोष टण्डन, ग्राम्य विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह (मोती सिंह), लखनऊ की महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया, विधान परिषद सदस्य स्वतंत्र देव सिंह, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश मेश्राम, सूचना निदेशक शिशिर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *